भाषा विवाद में फंसी JTET परीक्षा—रामगढ़ में उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन
भाषा विवाद में फंसी JTET परीक्षा—रामगढ़ में उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन
भाषा विवाद में फंसी JTET परीक्षा—रामगढ़ में उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन

रामगढ़
10 वर्षों से लंबित JTET परीक्षा नियमावली को पिछले कैबिनेट बैठक में भाषा विवाद के कारण स्वीकृति नहीं दिए जाने के विरोध में आज झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ, रामगढ़ जिला इकाई के बैनर तले प्रदेश अध्यक्ष सह छात्र नेता चंदन कुमार के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने भाग लेकर सरकार के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस अवसर पर रामगढ़ कॉलेज गेट से सुभाष चौक तक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। मार्च में शामिल अभ्यर्थियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर JTET परीक्षा जल्द आयोजित करने की मांग की। पूरे मार्च के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की तथा कहा कि लगातार 10 वर्षों से परीक्षा लंबित रहने के कारण लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है।
सुभाष चौक पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि झारखंड के प्रशिक्षित अभ्यर्थी वर्षों से JTET परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन सरकार की उदासीनता, प्रशासनिक लापरवाही और भाषा विवाद के कारण बार-बार परीक्षा प्रक्रिया बाधित हो रही है। यह राज्य के युवाओं और प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के साथ अन्याय है।
वक्ताओं ने कहा कि बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने अपनी पढ़ाई पूरी कर रोजगार की उम्मीद में वर्षों तक इंतजार किया, लेकिन अब तक परीक्षा आयोजित नहीं होना सरकार की विफलता को दर्शाता है। सरकार को चाहिए कि वह जल्द से जल्द सभी विवादों का समाधान कर स्पष्ट एवं पारदर्शी JTET नियमावली लागू करे तथा परीक्षा तिथि की घोषणा करे।
प्रदेश अध्यक्ष सह छात्र नेता चंदन कुमार ने कहा कि यदि सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आने वाले दिनों में राज्यव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से बिमल कुमार, परमिला कुमारी, राधे मेहता, सुबोध कुमार, शशि कुमार, स्वीटी कुमारी, कोमल, पूजा, मधुमिता, दिलीप मेहता सहित सैकड़ों बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षित अभ्यर्थी उपस्थित थे।
निवेदक
झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ
रामगढ़ जिला इकाई

