अयोध्या राम मंदिर चोरी मामले में निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग, सोमा उरांव ने उठाए कई मुद्दे

रांची: जनजाति सुरक्षा मंच के मीडिया प्रभारी एवं झारखंड प्रदेश मुखिया संघ के अध्यक्ष सोमा उरांव ने अयोध्या राम मंदिर चोरी मामले को लेकर प्रेस बयान जारी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी स्थल पर चोरी जैसी घटना गंभीर विषय है और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
सोमा उरांव ने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार के बड़े षड्यंत्र या अन्य लोगों की संलिप्तता के संकेत मिलते हैं, तो जांच एजेंसियों को आरोपियों के कॉल रिकॉर्ड और उनसे जुड़े सभी संपर्कों की भी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की उम्मीद जताई।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि देश के धार्मिक स्थलों पर मिलने वाले दान के प्रबंधन को लेकर सभी धर्मों के लिए एक समान नीति बनाई जाए। उनका कहना था कि यदि किसी एक धर्म के धार्मिक संस्थानों के दान पर सरकारी नियंत्रण है, तो अन्य धर्मों के धार्मिक स्थलों के लिए भी समान व्यवस्था लागू होनी चाहिए।
सोमा उरांव ने देश में समान जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसा कानून सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होना चाहिए और किसी भी धर्म या समुदाय के आधार पर अलग-अलग प्रावधान नहीं होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कानून और संविधान के दायरे में रहते हुए सभी मामलों की निष्पक्ष जांच और समान व्यवस्था ही देश में न्याय एवं सामाजिक विश्वास को मजबूत करेगी।

