जुलूस, डीजे व सोशल मीडिया पर प्रशासन के सख्त निर्देश
जुलूस, डीजे व सोशल मीडिया पर प्रशासन के सख्त निर्देश
जुलूस, डीजे व सोशल मीडिया पर प्रशासन के सख्त निर्देश

रामगढ़: आगामी ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी उपस्थित लोगों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए जिले में आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है। विभिन्न संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा नियमित गश्ती कर स्थिति पर नजर रखी जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान निकाले जाने वाले सभी जुलूस निर्धारित रूट का ही पालन करेंगे। साथ ही, डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। धार्मिक गीतों के प्रसारण की अनुमति होगी, किन्तु किसी भी प्रकार के भड़काऊ या आपत्तिजनक गीत बजाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी व्यक्ति को नशे की हालत में जुलूस में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
शांति समिति के सदस्यों को निर्देशित किया गया कि वे स्थानीय स्तर पर वॉलिंटियर्स चिन्हित कर प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार ने भी सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने जुलूस के दौरान रूट चार्ट का पालन, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनुराग कुमार तिवारी ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए आमजनों से अपील की कि बिना पुष्टि किसी भी प्रकार की पोस्ट साझा न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला स्तरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।