रामगढ़ में लौह पुरुष की जयंती पर हुए भव्य समारोह, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित, असहायों के बीच बांटे गए कंबल
रामगढ़ में लौह पुरुष की जयंती पर हुए भव्य समारोह, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित, असहायों के बीच बांटे गए कंबल
सरदार पटेल के विचारों से बनेगा झारखंड का स्वर्णिम भविष्य : सुदेश महतो

धनबाद और रामगढ़ में लौह पुरुष की जयंती पर हुए भव्य समारोह, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित, असहायों के बीच बांटे गए कंबल
धनबाद/रामगढ़ | 31 अक्टूबर 2026
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर धनबाद और रामगढ़ में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने और समाज में एकता एवं भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।
धनबाद के मेमको मोड़ स्थित द रीट रिसोर्ट में अखिल भारतीय पटेल सेवा संघ की ओर से आयोजित समारोह में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस दौरान सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। देश को एकजुट करने में उनका योगदान ऐतिहासिक है। आज जरूरत है कि उनके विचारों को जनशक्ति में बदलकर एकजुटता के साथ झारखंड और देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जाए।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पटेल समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके बाद सुदेश कुमार महतो रामगढ़ के पटेल चौक स्थित पटेल भवन पहुंचे, जहां सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
यहां अतिथियों ने सरदार पटेल की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सामाजिक सरोकार के तहत असहाय एवं वृद्धजनों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया।
इस मौके पर सुदेश महतो ने कहा कि सरदार पटेल के एकता और संकल्प के विचारों से ही झारखंड का स्वर्णिम भविष्य बनेगा। हमें धर्म, संस्कृति और भाषा की विविधताओं से ऊपर उठकर एकता के संकल्प को मजबूत करना होगा।
दोनों कार्यक्रमों में आजसू पार्टी के पदाधिकारियों, अखिल भारतीय पटेल सेवा संघ के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। समारोह के माध्यम से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में एकता, शिक्षा एवं सामाजिक सहयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।